हिमाचल प्रदेश के जिला चंम्बा ढाबे में खाना खाते समय गले में हड्डी फंसने से दम घुटने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है। तरुण कुमार (47), पुत्र रवि कुमार, निवासी गांव मिंड़ा डाकघर हरदासपुरा वीरवार को दोपहर 12 बजे के करीब शहर के एक ढाबे में खाना खा रहा था।इस दौरान एक हड्डी उसके गले में अटक गई। वह इसे निकालने की कोशिश करते-करते बेहोश हो गया। साथ ही ढाबे में खाना रहे उसके साथी ने बेसुध हालत में तरुण को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ में यह भी कहा कि यदि उसे दस मिनट पहले लेकर आते तो शायद इसकी जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची, वहीं परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों के बयान कलमबद्ध कर शव का फोरेंसिक एक्सपर्ट से पोस्टमार्टम करवाया। इसके उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौत के असली कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने पर होगा। फिलहाल, यही अनुमान लगाया जा रहा है कि गले में फंसी हड्डी से वह सांस नहीं ले पाया। इस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि ढाबे में खाना खाते समय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट आने पर पुलिस आगामी जांच को आगे बढ़ाएगी..