भाजपा के चुनाव चिन्ह के कथित दुरुपयोग पर संगठन सख्त, कार्रवाई की तैयारी तेज

भाजपा के चुनाव चिन्ह के कथित दुरुपयोग पर संगठन सख्त, कार्रवाई की तैयारी तेज

बलरामपुर। एक निर्दलीय जनप्रतिनिधि जनपद सदस्य के द्वारा भारतीय जनता पार्टी भाजपा के चुनाव चिन्ह और नाम के कथित उपयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा संगठन ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जनप्रतिनिधि के खिलाफ संगठनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित जनप्रतिनिधि अपने लेटर पैड एवं अन्य दस्तावेजों में भाजपा के चुनाव चिन्ह का उपयोग कर रहे हैं। भाजपा जिला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित एवं बलरामपुर मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह का कहना है कि संबंधित व्यक्ति न तो पार्टी का सदस्य है और न ही संगठन में किसी पद पर कार्यरत है। इसके बावजूद पार्टी के नाम एवं चुनाव चिन्ह का उपयोग करना भाजपा की पहचान और छवि को प्रभावित करने वाला कृत्य है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष बलरामपुर विजय सिंह ने बताया कि संगठन की ओर से संबंधित जनप्रतिनिधि को जनवरी माह में नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ। अब पुनः मामला सामने आने के बाद जिला अध्यक्ष को पत्र भेजकर पूरी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।भाजपा जिला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित ने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नाम, चुनाव चिन्ह एवं पहचान का अनधिकृत उपयोग चुनाव आयोग के नियमों और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को किसी दल से जुड़ा बताकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करता है, तो यह गंभीर विषय है।पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भाजपा अपने नाम और चुनाव चिन्ह के दुरुपयोग को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य संगठन को प्राप्त भी हुए हैं। संगठन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा संगठन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *